प्रशिक्षु शिक्षकों के भर्ती की तैयारियां पूरी
चार फरवरी से आवेदकों की शुरू होगी काउंसलिंग,
अभ्यर्थियों के लिए बनाए गए छह केंद्र
• अमर उजाला नेटवर्क
संतकबीरनगर। टीईटी उत्तीर्ण प्रशिक्षु शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया के काउंसलिंग की तैयारी जिला बेसिक शिक्षा विभाग ने तकरीबन पूरी कर ली है। डायट परिसर में काउंसलिंग सेंटर बनाए गए हैं। काउंसलिंग की प्रक्रिया चार फरवरी (सोमवार) से शुरू होगी। इसके लिए छह काउंसलिंग सेंटर बनाए गए हैं। महिलाओं के लिए अलग से पटल बनाया गया है। इसमें निर्धारित 800 सीटों के लिए एक लाख 11 हजार आवेदकों के शामिल होने की संभावनाएं हैं। यह दीगर है कि इस चयन प्रक्रिया सेे 2012 में बीएड उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को बाहर रखा गया है।
जनपद में प्रशिक्षु शिक्षक के लिए 800 पद सृजित हैं। इसमें 400 पद सामान्य जाति के लिए निर्धारित है। जबकि शेष 400 पद में से 216 पिछड़ी जाति के लिए, 168 एससी, 16 एसटी के आवेदकों को बुलाया गया है। साथ ही आरक्षित सीटों के लिए तीन गुणा आवेदकों को बुलाया गया है। इन पदों पर नियुक्ति पाने के लिए कुल 1,12057 अभ्यर्थियों ने जिले में आवेदन किया था। इनमें से इस चयन प्रक्रिया सेे 2012 में बीएड उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को बाहर कर दिया गया है। लिहाजा, काउंसलिंग में अब कुल 1,11057 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावनाएं हैं। काउंसलिंग में पहले चरण में सामान्य कोटे के लिए पहले और दूसरे दिन 200-200 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।
इसी प्रकार से पिछड़ी जाति व अन्य जाति के लिए आवेदकों को बारी-बारी बुलाया जाएगा। इसके लिए डायट परिसर में छह काउंसलिंग सेंटर बनाए गए हैं। जहां पर एक-एक खंड शिक्षा अधिकारियों के नेतृत्व में चार सदस्यों की तैनाती की गई है। जिससे काउंसलिंग में कोई समस्या न उत्पन्न हो।
इस दौरान आवेदकों को अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों तथा अन्य अभिलेखों एवं उनकी दो प्रतियों में फोटोकॉपी के साथ उपस्थित होना है। काउंसलिंग में बीएसए ने महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग से पटल बनाया है। जिससे किसी को समस्याओं का सामना न करना पड़े और भर्ती की प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके। लंबे अरसे के बाद बीएसए विभाग में इतनी बड़ी भर्ती हो रही है। जिसको लेकर विभाग काफी सशंकित है।
गठित टीम करेगी सत्यापन
अभ्यर्थियों की भीड़ को देखते हुए छह काउंसलिंग केंद्र बनाए गए हैं। हर काउंसलिंग केंद्र पर खंड शिक्षा अधिकारियों की अगुवाई में चार-चार सदस्यीय टीम बनाई गई है। इसमें खंड अधिकारी नरेंद्र सिंह, आरडी प्रसाद, विंध्येश्वरी प्रसाद, उदय शंकर चौधरी, राम दुलारे, चंद्र भूषण त्रिपाठी, श्याम सुंदर पटेल शामिल हैं।
कड़ी सुरक्षा के बीच होगी काउंसलिंग
अभ्यर्थियों की काउंसलिंग में कोई विवाद की स्थिति न उत्पन्न होे, इसके लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है।
प्रशिक्षु शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया सोमवार से शुरू होगी। इसके लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले दिन सामान्य वर्ग के लिए 200 लोगों को बुलाया गया है। कहीं किसी को कोई दिक्कत न होने पाए, इसके लिए भी विशेष तैयारियां की गई हैं। किसी भी अभ्यर्थि को कोई परेशानी नहीं होगी।
-राम सिंह, बीएसए
•महिलाओं के लिए किया गया है विशेष इंतजाम
भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे 1,11057 अभ्यर्थी
No comments:
Post a Comment