Thursday, January 31, 2013

एबीसीडी’ भी कराएंगे काउंसिलिंग!

एबीसीडी’ भी कराएंगे काउंसिलिंग! 

 लखनऊ : नाम, एबीसीडी। पिता का नाम, एक्सवाईजेड। योग्यता की तो बात ही मत कीजिए साहब। हाईस्कूल से लेकर टीईटी तक सभी परीक्षाओं में इन्होंने अपनी मेधा के झंडे गाड़े हैं। यह सज्जन सोमवार को होने वाली बेसिक प्रशिक्षु शिक्षकों की काउंसिलिंग में हिस्सा लेंगे! अरे भाई, यह अकेले नहीं हैं। इनके साथ फर्जी सिंह के पुत्र फर्जी का भी इंतजार शिक्षा अधिकारी करेंगे। ऐसे ही कई फर्जी आवेदकों ने गलत नाम और झूठे अंकों के साथ राजधानी में शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन किया है। यहां बुधवार को जारी सूची में कई लोगों के नाम और अंक काल्पनिक लगते हैं। मसलन, पहला ही नाम अजीत सिंह का है। उन्होंने अपने पिता का नाम शिव प्रसाद लिखा है। यहां तक तो हो सकता है कि उनपर विश्वास किया जाए, लेकिन उनके हाईस्कूल से लेकर ऊपर की कक्षाओं के अंक इतने काल्पनिक हैं कि क्या कहा जाए। उन्होंने फॉर्म में भरा है कि कक्षा दस में 600 में से 600 अंक हैं। इंटरमीडिएट में भी पूरे पांच सौ नंबर पाए हैं। स्नातक किया तो उसमें भी पूर्णाक और प्राप्तांक बराबर। बीएड में शायद उन्हें लगा कि कुछ ज्यादा हो रहा है तो 95 फीसद ही अंक भरे और टीईटी में भी साहब 150 से ऊपर ठहरते हैं। अब ऐसे तमाम नामों के सूची में होने से असल मुसीबत उन पात्रों को ङोलनी होगी जो पहली कटऑफ में ही काउंसिलिंग की उम्मीद लगाए थे। कारण इनका नाम तो मेरिट लिस्ट में है और इनकी वजह से उस पात्र का नाम लिस्ट से बाहर हो गया, जो योग्य भी है और राजधानी में प्रवेश लेने के इच्छुक भी। जिन 36 अभ्यर्थियों को पहली काउंसिलिंग में बुलाया गया है, उनमें पांच नाम ऐसे ही फर्जी लोगों के हैं।

No comments:

Post a Comment